Punjab Election 2027: BJP-SAD गठबंधन पर केजरीवाल का हमला, सुखबीर बादल बोले- यह जनता की भावना का गठबंधन

नई दिल्ली/चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 (Punjab Election 2027) को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के छह साल बाद फिर से गठबंधन करने के ऐलान के बाद पंजाब की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस गठबंधन को सत्ता की राजनीति करार देते हुए निशाना साधा है। वहीं, अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इसे पंजाब की जनता की भावना का गठबंधन बताया है।

इस राजनीतिक घटनाक्रम पर बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। गठबंधन को लेकर जहां बीजेपी नेताओं ने पंजाब में नई सरकार बनने और विकास का दावा किया, वहीं कांग्रेस ने इसे पंजाब के हितों के खिलाफ बताया है।

केजरीवाल बोले- हमारा गठबंधन पंजाब की जनता के साथ

बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनका गठबंधन पंजाब के अनुसूचित जाति (SC) समाज, किसानों और व्यापारियों के साथ है।

केजरीवाल ने कहा, “ये लोग सत्ता के लिए कभी साथ आ जाते हैं तो कभी अलग हो जाते हैं। हम लोग पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं। पूरा पंजाब देख रहा है कि उन्होंने पिछले 70-75 साल में पंजाब को जो बर्बाद किया, उसे कैसे 5 साल में भगवंत मान ने मेहनत करके फिर से ठीक करने की कोशिश की है।”

उन्होंने भगवंत मान सरकार के कामकाज को पंजाब के विकास से जोड़ते हुए विपक्षी दलों पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए गठबंधन करने का आरोप लगाया।

सुखबीर बादल बोले- पंजाब की जनता चाहती थी दोनों दल साथ आएं

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे पंजाब की जनता की भावना बताया।

उन्होंने कहा, “ये पंजाब की जनता की भावना का गठबंधन है। हर वर्ग चाहता है कि बीजेपी और अकाली दल एक साथ हों।”

बादल के इस बयान से साफ है कि अकाली दल इस गठबंधन को आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहा है।

केवल सिंह ढिल्लों ने गिनाईं पंजाब की समस्याएं

पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गठबंधन को शुभ दिन पर लिया गया बड़ा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में हालात खराब हुए हैं और राज्य को फिर से खुशहाल बनाने के लिए बीजेपी और अकाली दल मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने नशे की समस्या, बेरोजगारी और औद्योगीकरण की कमी को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर नशे को खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने और उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में नशा एक बड़ी बीमारी बन चुका है। राज्य की आर्थिक स्थिति भी खराब है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार आने पर पंजाब में विकास को गति मिलेगी।

AAP को हराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन की लड़ाई सभी 117 विधानसभा सीटों पर होगी। उन्होंने दावा किया कि जनता उनके साथ है और मौजूदा सरकार से लोग परेशान हैं।

RP सिंह बोले- पंजाब के हित में हुआ गठबंधन

बीजेपी नेता आरपी सिंह ने भी बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का पहले भी लंबा राजनीतिक गठबंधन रहा है और इसी गठबंधन ने पंजाब में तीन बार सरकार बनाई थी।

उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से दोनों दल अलग हो गए थे, लेकिन पंजाब की जनता चाहती थी कि बीजेपी और अकाली दल फिर से एक साथ आएं।

आरपी सिंह ने दावा किया कि इस गठबंधन के बनने से पंजाब में आम आदमी पार्टी की राजनीतिक स्थिति कमजोर होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को फायदा मिलेगा।

प्रताप सिंह बाजवा ने उठाए किसानों के मुद्दे

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बीजेपी-SAD गठबंधन पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि यह पंजाब के हितों का गठबंधन नहीं, बल्कि बीजेपी और अकाली दल का राजनीतिक सुमेल है। बाजवा ने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता पहले ही दोनों पार्टियों को नकार चुकी है।

उन्होंने सुखबीर सिंह बादल से सवाल किया कि छह साल पहले अकाली दल ने किसान विरोधी कृषि कानूनों के मुद्दे पर बीजेपी से गठबंधन तोड़ा था, लेकिन अब ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बदल गई हैं, जिनके चलते दोनों दल फिर साथ आ गए हैं?

बाजवा ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्या गठबंधन की बैठक में किसानों को MSP की कोई गारंटी दी गई है?

उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले 750 से अधिक किसानों का जिक्र करते हुए मुआवजे और परिवारों को सरकारी नौकरी देने के सवाल भी उठाए।

छह साल बाद फिर साथ आए बीजेपी और अकाली दल

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन वर्ष 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के चलते टूट गया था। दोनों दलों ने करीब 24 वर्षों तक राजनीतिक साझेदारी निभाई थी। अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने एक बार फिर साथ आने का फैसला किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल ने 24 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में गठबंधन की घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री पद भी अकाली दल के पास होगा।

अब देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी-SAD का यह नया गठबंधन पंजाब की राजनीति में कितना प्रभाव डालता है और आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस आगामी चुनाव में इसका मुकाबला किस रणनीति से करती हैं।

amarvarta
Author: amarvarta

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज