Akhilesh Yadav Gorakhpur Rally: अखिलेश के गोरखपुर दौरे पर सियासी घमासान, अखिलेश के आरोपों पर BJP का पलटवार!

Amar Varta | गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

गोरखपुर के चौरीचौरा में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम (Akhilesh Yadav Gorakhpur Rally) के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार को लेकर तीखे सवाल उठाए। उनके बयान के बाद भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

अखिलेश यादव ने दावा किया कि PDA के साथ सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने काशी में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए भाजपा के डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने गोरखपुर में जलभराव, ट्रैफिक जाम, मेट्रो सुविधा की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाए। अखिलेश ने अस्पतालों में कर्मचारियों की कमी और प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है, जबकि शराब के ठेकों की संख्या बढ़ रही है।

मंत्री दयाशंकर सिंह का पलटवार

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश यादव के बयान पर कहा, “अब उनको विकास नहीं दिख रहा है लेकिन उत्तर प्रदेश का विकास पूरे देश में सबसे तेज गति से हो रहा है। पूरा दुनिया आज उत्तर प्रदेश के विकास के मॉडल को सराह रही है। अब उनको नहीं दिख रहा है क्योंकि उनके जैसा अराजकता नहीं है। आज अपराधी या तो उत्तर प्रदेश छोड़कर भाग गया है या जेल के अंदर है। वो अपने समय वाली कानून व्यवस्था चाहते हैं। आज अपराधी इतना भयभीत है कि वो उत्तर प्रदेश छोड़ कर भाग गया है या फिर जेल में रहना पसंद कर रहा है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में इस तरह का कानून का राज स्थापित है।”

BJP का पलटवार: पंकज चौधरी बोले- घर-घर जाकर माफी मांगने पर भी जनता नहीं करेगी माफ

अखिलेश यादव के आरोपों के बीच भाजपा ने भी समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा नेता घर-घर जाकर माफी भी मांग लें, तब भी जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।

पंकज चौधरी ने सपा की पिछली सरकार पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केवल रोड शो और नारों से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता।

वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकार में था और अंधकारमय ही रहेगा। उन्होंने अखिलेश को अपनी पार्टी की स्थिति पर चिंतन करने की सलाह दी।

चुनावी मजबूरी के कारण वो मैदान में उतर रहे हैं-दानिश आजाद अंसारी

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने अखिलेश यादव को लेकर कहा, “चुनावी मजबूरी के कारण वो मैदान में उतर रहे हैं क्योंकि उनको अपने बंद AC कमरों से निकलना पसंद नहीं है। अब जब वो ग्राउंड पर उतर कर देख रहे हैं, उत्तर प्रदेश के हाईवे और एक्सप्रेसवे देख रहे हैं और आज अखिलेश यादव गोरखपुर गए होंगे तो उन्हें गोरखपुर का विकास दिखा होगा कि किस तरीके से उस विकास को जमीन से आसमान तक पहुंचाने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है… इससे समाजवादी पार्टी घबराई हुई है क्योंकि पश्चिम से लेकर पूर्वांचल तक का एक संतुलित विकास जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है; इसी संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाल दिया है। विपक्ष आज हैरान और परेशान है, खासतौर पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता क्योंकि जनता आज विकास के ऊपर अपनी विश्वास की मोहर लगा रही है और समाजवादी पार्टी को एक सिरे से जनता ने नकार दिया है।”

2027 चुनाव से पहले आमने-सामने सपा और भाजपा

गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा (Akhilesh Yadav Gorakhpur Rally)और भाजपा नेताओं के पलटवार ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। एक तरफ सपा सामाजिक न्याय और PDA के मुद्दे पर भाजपा को चुनौती दे रही है, वहीं भाजपा सपा के पुराने शासनकाल और उसके राजनीतिक रिकॉर्ड को लेकर हमलावर है।

अब देखना होगा कि गोरखपुर की यह सियासी बयानबाजी 2027 के विधानसभा चुनाव में किस पार्टी को कितना राजनीतिक फायदा पहुंचाती है।

 

amarvarta
Author: amarvarta

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज